Manoranjan Metro | मनोरंजन मेट्रो

भारत जोड़ो यात्रा’ के सपोर्ट में उतरीं स्वरा भास्कर, देश की स्थिति पर कह डाली यह बात

Swara bhaskar

स्वरा भास्कर बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में से एक हैं, जो हर मुद्दे पर खुलकर बोलती हैं। स्वरा ने सिर्फ बॉलीवुड के मुद्दों पर ही नहीं बल्कि राजनीति विषय पर भी अपनी राय खुलकर रखी है। इन दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर हैं। दक्षिण राज्यों में राहुल गांधी की यह यात्रा जारी है, जिसका कांग्रेस के साथी दल भी जमकर सहयोग कर रहे हैं। वहीं, अब बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समर्थन किया है। स्वरा ने एक ट्वीट कर राहुल गांधी की जमकर तारीफ की है।


दरअसल, स्वरा भास्कर ने एक न्यूज चैनल का वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और राहुल गांधी की बात की गई है। इस वीडियो के साथ स्वरा भास्कर ने लिखा, ‘जहां श्रेय बाकी है.. चुनावी हार, ट्रोलिंग, व्यक्तिगत हमले और लगातार आलोचना अप्रभावी होने के बावजूद, राहुल गांधी न तो सांप्रदायिक बयानबाजी और न ही सनसनीखेज राजनीति के आगे झुके हैं। इस देश की स्थिति को देखते हुए इस तरह के प्रयास भारत जोड़ो यात्रा प्रशंसनीय है!’


स्वरा भास्कर का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोगों ने स्वरा और राहुल की तारीफ की है। कुछ लोगों ने स्वरा भास्कर को भी इस यात्रा में उतरकर राहुल गांधी का सपोर्ट करने की बात कही है। एक यूजर ने लिखा, ‘आप इस यात्रा में क्यों नहीं हैं। खुले हाथों से उन्हें सपोर्ट करने की जरूरत है।’ वहीं, कुछ लोगों ने राहुल गांधी को बेस्ट पीएम कैंडिडेट बताया है। बता दें यह पहली बार नहीं है जब स्वरा ने राहुल गांधी की तारीफ की है। इससे पहले भी वह कई बार राहुल गांधी की तारीफ कर चुकी हैं।


वर्कफ्रंट की बात करें तो स्वरा भास्कर पिछली बार फिल्म ‘जहां चार यार’ में नजर आई थीं। इस फिल्म का निर्देशन कमल पांडे ने किया था और इस फिल्म में स्वरा के साथ मेहर विज, शिखा तलसानिया और पूजा चोपड़ा ने स्क्रीन शेयर की थी। अब स्वरा जल्द ही ‘मिसेज फलानी’ में नजर आएंगी।